नूइत ज़ारकी इज़राइली कवयित्री हैं जो विभिन्न साहित्य-सम्बन्धी पुरस्कारों से सम्मानित हैं। प्रस्तुत कविता उनकी हीब्रू कविता के तैल गोल्डफ़ाइन द्वारा किए गए अंग्रेज़ी अनुवाद ‘Strangeness’ का हिन्दी अनुवाद है। हिन्दी अनुवाद देवेश पथ सारिया ने किया है।

यदि मेरे भीतर कई व्यक्ति मौजूद हैं
तो मैं अपने ग़लत स्वरूप को जी रही हूँ

बड़ा अजीब-सा लगा मुझे जब मेरा नाम दाख़िल हुआ कमरे में
मैं प्रफुल्लित हुई जब तुमने मुझे चुना
और मैं लगभग बेसुध हो गई
दर्द से
तब, जब तुम मुझसे दूर चले गए
हालाँकि तुम मेरे सही स्वरूप से दूर नहीं गए

अपरिवर्तित रही एक मादा भालू
गहरी नींद के बावजूद
मैं जानती हूँ
कि मैंने अनुपयुक्त वसन धारण किया है
प्रेम के लिए
और वह है, मेरी त्वचा।

चेन कुन लुन की कविताएँ

किताब सुझाव:

देवेश पथ सारिया
देवेश पथ सारिया एक हिन्दी कवि-गद्यकार एवं अनुवादक हैं। कविता संकलन : अदृश्य आत्मीय की टोह में (2025), नूह की नाव (2022)।‌ कथेतर गद्य : छोटी आँखों की पुतलियों में (ताइवान डायरी, 2022)। कहानी संग्रह : स्टिंकी टोफू (2025)। अनुवाद : सपने बुनता फाॅरमोसा : ताइवानी कविताएँ (2026), यातना शिविर में साथिनें (2023)। अन्य भाषाओं में पुस्तकें : A Toast to Winter Solstice (अंग्रेज़ी अनुवाद : शिवम तोमर)। पुरस्कार : भारतभूषण अग्रवाल पुरस्कार (2023), स्नेहमयी चौधरी सम्मान (2025)। अन्य भाषाओं मे अनुवाद : देवेश की रचनाओं का अनुवाद अंग्रेज़ी, मंदारिन‌ (चीनी), स्पेनिश, रूसी, ताइवानी, नेपाली, उर्दू, बांग्ला, मराठी, पंजाबी, असमिया, भोजपुरी, राजस्थानी, हरियाणवी, गढ़वाली और कुमाऊँनी में हुआ है। संपादन : गोल चक्कर वेब पत्रिका (golchakkar.org) ईमेल : [email protected]