शाम के लिए
पिघली है धूप
लौटा है सूरज किसी गह्वर में
लौटी हैं आंखें, लौटे हैं पंख
लौटी हैं चोंच
बिजली खम्भों पर देखो, ढीली तारों को
कोई डाल लौट आयी है
यही शाम की परछाई है

शाम कितनी बोझिल है

मैं चलता हूँ तो डेग फँसती है
ताकता हूँ आकाश
मुझे भूरी-सी बीमारी है : हवा कहती है आंखों से

फिर भी ढूँढता हूँ आकाश, गिनता हूँ तारा
“एक तारा : आरा बारा
दो तारा : खाटी पारा
तीन तारा : मानुस मारा
चार तारा : कोसे-कोस
पाँच तारा: कुछ नहीं दोष”

पूरा आसमान टटोलता हूँ इसी शहर से
पहुँचता हूँ जैसे
गाँव के आँगन तक
पिता की बाहों तक

नहीं गिन पाता हूँ पाँच तारे

मैं पाँचवे का दोषी हूँ
मैं हवा का दोषी हूँ…

विशेष चंद्र ‘नमन’
विशेष चंद्र नमन दिल्ली विवि, श्री गुरु तेग बहादुर खालसा कॉलेज से गणित में स्नातक हैं। कॉलेज के दिनों में साहित्यिक रुचि खूब जागी, नया पढ़ने का मौका मिला, कॉलेज लाइब्रेरी ने और कॉलेज के मित्रों ने बखूबी साथ निभाया, और बीते कुछ वर्षों से वह अधिक सक्रीय रहे हैं। अपनी कविताओं के बारे में विशेष कहते हैं कि अब कॉलेज तो खत्म हो रहा है पर कविताएँ बची रह जाएँगी और कविताओं में कुछ कॉलेज भी बचा रह जायेगा। विशेष फिलहाल नई दिल्ली में रहते हैं।