बाँसुरी के इतिहास में
उन कीड़ों का कोई ज़िक्र नहीं
जिन्होंने भूख मिटाने के लिए
बाँसों में छेद कर दिए थे

और जब-जब हवा उन छेदों से गुज़रती
तो बाँसों का रोना सुनायी देता

कीड़ों को तो पता ही नहीं था
कि वे संगीत के इतिहास में हस्तक्षेप
कर रहे हैं
और एक ऐसे वाद्य का आविष्कार
जिसमें बजाने वाले की साँसें बजती हैं

मैंने कभी लिखा था
कि बाँसुरी में साँस नहीं बजती
बाँस नहीं बजता
बजाने वाला बजता है

अब
जब-जब बजाता हूँ बाँसुरी
तो राग चाहे जो हो
उसमें थोड़ों की भूख
और बाँसों का रोना भी सुनायी देता है!

नरेश सक्सेना की कविता 'आधा चाँद माँगता है पूरी रात'

Book by Naresh Saxena:

नरेश सक्सेना
जन्म : 16 जनवरी 1939, ग्वालियर (मध्य प्रदेश) कविता संग्रह : समुद्र पर हो रही है बारिश, सुनो चारुशीला नाटक : आदमी का आ पटकथा लेखन : हर क्षण विदा है, दसवीं दौड़, जौनसार बावर, रसखान, एक हती मनू (बुंदेली) फिल्म निर्देशन : संबंध, जल से ज्योति, समाधान, नन्हें कदम (सभी लघु फिल्में) सम्मान: पहल सम्मान, राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार (1992), हिंदी साहित्य सम्मेलन का सम्मान, शमशेर सम्मान