विजयी विश्व तिरंगा प्यारा,
झण्डा ऊँचा रहे हमारा।

सदा शक्ति बरसाने वाला
प्रेम सुधा सरसाने वाला
वीरों को हर्षाने वाला
मातृ-भूमि का तन-मन सारा
झण्डा ऊँचा रहे हमारा।

स्वतंत्रता के भीषण रण में
रखकर जोश बढ़े क्षण-क्षण में
काँपे शत्रु देखकर मन में
मिट जाए भय-संकट सारा
झण्डा ऊँचा रहे हमारा।

इस झँडे के नीचे निर्भय
हो स्वराज जनता का निश्चय
बोलो भारत माता की जय
स्वतंत्रता ही ध्येय हमारा
झण्डा ऊँचा रहे हमारा।

आओ प्यारे वीरों आओ
देश धर्म पर बलि-बलि जाओ
एक साथ सब मिलकर गाओ
प्यारा भारत देश हमारा
झण्डा ऊँचा रहे हमारा।

शान न इसकी जाने पाए
चाहे जान भले ही जाए
विश्व विजयी करके दिखलाएँ,
तब हो ये प्रण पूर्ण हमारा
झण्डा ऊँचा रहे हमारा।

Recommended Book: